निगम क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को जारी होंगे ट्रेड लाइसेंस

अम्बिकापुर, 25 सितंबर 2026/sns/- नगर पालिक निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व वसूली एवं ट्रेड लाइसेंस जारी किए जाने की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने निगम क्षेत्र के समस्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ट्रेड लाइसेंस की जानकारी देने तथा पात्र प्रतिष्ठानों को लाइसेंस बनवाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं वार्ड प्रभारियों को दिए।
बैठक में बताया गया कि पूर्व में नगर पालिक निगम द्वारा दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के लिए दुकान स्थापना पंजीयन/गुमास्ता जारी किया जाता था। वर्तमान में निगम द्वारा गुमास्ता जारी नहीं किया जा रहा है। इसके स्थान पर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ट्रेड लाइसेंस जारी किया जाना है।

तीन श्रेणियों में निर्धारित किया गया है ट्रेड लाइसेंस शुल्क

ट्रेड लाइसेंस शुल्क के निर्धारण के लिए निगम क्षेत्र को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। प्रथम श्रेणी में 15 मीटर से अधिक चैड़ी सड़क अथवा वृहद बाजार क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठानों के लिए 6 रुपए प्रति वर्गफीट, द्वितीय श्रेणी में 7.5 मीटर से 15 मीटर चैड़ी सड़क अथवा छोटे एवं मध्यम आकार के बाजारों में स्थित प्रतिष्ठानों के लिए 5 रुपए प्रति वर्गफीट तथा तृतीय श्रेणी में 7.5 मीटर से कम चैड़ी सड़क अथवा मोहल्लाध्कॉलोनी में स्थित प्रतिष्ठानों के लिए 4 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से शुल्क निर्धारित किया गया है। व्यापार अनुज्ञप्ति/ट्रेड लाइसेंस शुल्क का निर्धारण निर्मित दुकान अथवा प्रतिष्ठान के आकार के आधार पर किया जाएगा।

सेवा सेतु पोर्टल से कर सकेंगे आवेदन
दुकान एवं प्रतिष्ठान संचालक ट्रेड लाइसेंस बनवाने के लिए सेवा सेतु पोर्टल (  http://sewasetu.cgstate.gov.in )
पर स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही नजदीकी चॉइस सेंटर के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन के लिए आवेदक को पहचान पत्र तथा भूमि स्वामित्व प्रमाण-पत्र अथवा किरायानामा प्रस्तुत करना होगा।
आयुक्त श्री अग्रवाल ने सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने प्रभार वाले वार्डों में संचालित दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, स्कूलों एवं अस्पतालों से संपर्क कर ट्रेड लाइसेंस के संबंध में जानकारी दें तथा लाइसेंस बनवाने के लिए प्रेरित करें।

विशेष सेवा शिविरों में भी कर सकेंगे आवेदन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में आयोजित होने वाले 6 विशेष सेवा शिविरों में भी ट्रेड लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इससे व्यवसायियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को अपने क्षेत्र में ही आवेदन की सुविधा उपलब्ध होगी।

About The Author