ग्राम देवरी, पिटौरा और भिंभौरी में महिलाओं ने निकाली भव्य स्वच्छता रैली

दुर्ग, 25 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ’सेवा मेरा योगदान’ के तहत आज दुर्ग जिले के जनपद पंचायत धमधा के ग्राम पंचायत देवरी, ग्राम पिटौरा और ग्राम भिंभौरी में ग्रामीण महिलाओं द्वारा स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। जिले की सभी 381 ग्राम पंचायतों में यह अभियान पूर्ण जनभागीदारी के साथ संचालित किया गया।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को केवल एक सरकारी कार्यक्रम न रखकर जन-आंदोलन का रूप देना है, जिससे सार्वजनिक स्थलों, जलस्रोतों व परिवेश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके। आज आयोजित इस रैली के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हाथों में स्वच्छता संदेश लिखी तख्तियां लेकर पूरे गांव में भ्रमण किया। इस दौरान ग्राम के सार्वजनिक स्थलों, रास्तों और जलस्रोतों के आसपास विशेष साफ-सफाई की गई तथा रैली के माध्यम से ग्रामीणों को अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस प्रभावी बदलाव अभियान से ग्रामीण अंचलों में स्वच्छता के प्रति एक नई चेतना जागृत हो रही है, जिससे स्वस्थ और सुंदर गांवों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।

About The Author