प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से दुकालू निषाद को मिला पक्का घर
सेवा की कहानी
– प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से दुकालू निषाद को मिला पक्का घर
– सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का सपना हुआ साकार
राजनांदगांव 27 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से पक्के मकान का सपना देखने वाले परिवारों के सपने साकार हो रहे हैं। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराकर सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक जीवन का आधार प्रदान किया जा रहा है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम नवागांव निवासी श्री दुकालू निषाद के लिए पक्का मकान सिर्फ एक घर नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का आवास बनने से पहले उनका परिवार कच्ची व जर्जर झोपड़ी में निवास करने के लिए मजबूर था। बारिश के मौसम में कच्ची झोपड़ी में पानी भर जाने से परिवार को समस्या का सामना करना पड़ता था। मकान की स्थिति लगातार खराब होने के कारण बारिश के दिनों में घर के अंदर पानी भर जाता था। परिवार के सदस्यों को सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का भय भी बना रहता था। ऐसे में परिवार के लिए सुरक्षित और पक्का मकान एक बड़ी जरूरत थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वर्ष 2025-26 में श्री दुकालू निषाद को लाभ मिलने से पक्के मकान का सपना साकार हुआ। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पक्का मकान निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रूपए की सहायता राशि स्वीकृत हुई। इसके साथ ही मनरेगा के तहत 90 दिवस की मजदूरी का लाभ भी मिला। इससे परिवार को आवास निर्माण के साथ-साथ रोजगार के माध्यम से आय का सहारा भी मिला। इसके अतिरिक्त शासन द्वारा पूर्व में शौचालय निर्माण के लिए सहायता राशि भी प्राप्त हुई थी। शासन से प्राप्त सहायता राशि का उपयोग कर अपने सपनों का पक्का मकान तैयार किया। आज उनका परिवार बारिश, जर्जर छत और जहरीले जीवों के डर से मुक्त होकर सुरक्षित आवास में निवास कर रहा है। पक्का आवास मिलने से उनका परिवार बेहद खुश है और गौरवान्वित महसूस करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
क्रमांक 187 —————–