प्रदेश के सभी धान खरीदी केंद्रों में सुचारू रूप से हो रही धान खरीदी, विपक्ष के आरोप निराधार : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
प्रदेश के सभी धान खरीदी केंद्रों में सुचारू रूप से हो रही धान खरीदी, विपक्ष के आरोप निराधार : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र स्थापित, प्रदेश में अब कुल 3100 केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा – दीपक बैज बताएं कहां नहीं हो रही है धान खरीदी?
रायपुर, 23 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में धान खरीदी की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री दीपक बैज द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों का एक-एक दाना धान खरीदने और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान धान खरीदी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि विपक्ष के आरोपों में कोई सत्यता नहीं है। यदि किसी धान खरीदी केंद्र में खरीदी शुरू नहीं होने की बात कही जा रही है, तो विपक्ष को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि वह कौन सा केंद्र है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसी उद्देश्य से इस वर्ष प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। अब राज्य में कुल 3,100 धान खरीदी केंद्र हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक दूरी तय न करनी पड़े और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के हितों के संरक्षण और धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है।