सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता दीदियों को मिला टाटा एस वाहन

सुकमा, 30 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने ग्राम पंचायत छिन्दगढ़ में संचालित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई से संबद्ध कमल फूल स्वसहायता समूह की स्वच्छताग्राही दीदियों को डीएमएफ मद से टाटा एस गोल्ड प्लस वाहन प्रदान किया। कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। इस वाहन के माध्यम से छिन्दगढ़ विकासखंड की 59 ग्राम पंचायतों में संचालित सेग्रीकेशन शेड से प्लास्टिक अपशिष्ट का नियमित संग्रहण कर उसे प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए बाकायदा रूट तैयार किया गया है।
यह पहल स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छताग्राही समूह द्वारा अब तक स्वच्छता शुल्क एवं प्लास्टिक अपशिष्ट के विक्रय से दो लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की जा चुकी है। नया वाहन उपलब्ध होने से समूह की दीदियां अब अधिक दूरी तक कचरा संग्रहण का कार्य कर सकेंगी, जिससे प्लास्टिक अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन और गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है। वाहन मिलने पर स्वच्छताग्राही दीदियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
जिला प्रशासन की यह पहल स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को एक साथ आगे बढ़ाने का उदाहरण है। संसाधनों की उपलब्धता से स्वच्छताग्राही समूह के कार्यों को विस्तार मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में अपशिष्ट के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन को बल मिलेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर, जिला समन्वयक (एसबीएम) श्री विजय बहादुर जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल से छिन्दगढ़ क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम आगे बढ़ा है।

About The Author