कलेक्टर ने की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा

बलौदाबाजार, 30 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष मे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत प्रथम किश्त की राशि जारी होने के कई महीने बाद भी आवास निर्माण प्रारम्भ नहीं होने की स्थिति को गंभीरतापूर्वक लेते हुए अगले सप्ताह प्रारम्भ करने एवं 15 अक्टूबर तक़ कोई भी आवास अप्रारम्भ की स्थिति मे ना रहने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिये कि किसी भी स्थान पर आवास प्रारम्भ नहीं होने पर रोजगार सहायक एवं तकनीकी सहायक की जिम्मेदारी होगी। आवास निर्माण प्रारम्भ करने एवं पूरा करने मे हितग्राहियों को लगातार प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि अब बारिश लगभग समाप्त हो गया है औऱ आवास सहित अन्य निर्माण कार्य मे तेजी लाने का उपयुक्त समय है। सभी जनपद एक माह का कार्ययोजना बनाए जिसमें पीएम आवास एवं स्कूलों मे बालिका शौचालय, मुक्तिधाम निर्माण की प्रगति हो। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन तकनिकी सहायकों के द्वारा 82 प्रतिशत से कम आवास निर्माण का प्रगति है उन्हें नोटिस जारी किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों मे गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा छत की स्लोप का भी ध्यान रखे ताकि छत मे पानी न रुके। इसके साथ ही वाटर हार्वेस्टिंग संरचना का निर्माण भी कराएं। उन्होंने वीबी- जीरामजी अंतर्गत ग्राम पंचायतों मे अधिक से अधिक रोजगारमूलक कार्य शुरू करने औऱ मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने कहा।

एनआरएलएम अंतर्गत गांव मे घर घर कचरा संग्रहण को मजबूत करने के लिये पहले सभी जनपदों मे 5-5ग्राम पंचायतों का चयन कर उन्हें मॉडल पंचयात बनाने कहा। इसके साथ ही सेग्रीगेशन सेंटर को क्रियाशील करने,बिहान अंतर्गत सामूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने विभिन्न गतिविधियों शुरू करने केभी निर्देश दिये।

बैठक मे सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल सहित जनपद सीईओ, आरईएस के इंजीनियर,तकनिकी साहयक उपस्थित थे।

About The Author