अपर कलेक्टर श्री पीवी खेस और डिप्टी कलेक्टर सुश्री मधु तेता को दी गई भावभीनी विदाई

सुकमा, 30 अक्टुबर 2026/sns/-“जिला प्रशासन सुकमा द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित एक गरिमामय एवं आत्मीय विदाई समारोह में स्थानांतरित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी गई। राज्य शासन द्वारा जारी स्थानांतरण सूची के तहत जिले में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले अपर कलेक्टर श्री पीवी खेस का स्थानांतरण सरगुजा जिले में अपर कलेक्टर के पद पर तथा डिप्टी कलेक्टर सुश्री मधु तेता का स्थानांतरण महासमुंद जिले के लिए हुआ है। दोनों अधिकारियों ने सुकमा के दूरस्थ व संवेदनशील क्षेत्रों में जनहित और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए समर्पित भाव से कार्य किया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में दोनों अधिकारियों के सफल कार्यकाल की सराहना की गई। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निभाना ही सुशासन की वास्तविक पहचान है, जिसे श्री खेस और सुश्री तेता ने जमीनी स्तर पर चरितार्थ किया। सम्मान स्वरूप कलेक्टर ने दोनों अधिकारियों को क्षेत्र की विशिष्ट सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक श्बस्तर आर्ट मोमेंटोश् भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और नई पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान एसडीएम श्री सूरज कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री शबाब खान एवं श्री रविशंकर वर्मा ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्य करने के अपने अनुभवों को साझा किया। सहकर्मियों ने श्री खेस के कुशल मार्गदर्शन और संकट प्रबंधन तथा सुश्री तेता की कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसुलभ कार्यशैली को प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम के अंत में स्थानांतरित अधिकारियों ने भी सुकमा जिले में मिले सहयोग और प्रशासनिक टीम के सामंजस्य के प्रति आभार व्यक्त किया।

About The Author