सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगजनों और वरिष्ठजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे सिंदूर पार्क में होगा वितरण कार्यक्रम
रायगढ़, 1 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे सिंदूर पार्क, रायगढ़ में वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया एवं राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजनों और वरिष्ठजनों को उनके दैनिक जीवन में उपयोगी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे उन्हें आवागमन एवं रोजमर्रा की गतिविधियों में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी। विभाग ने चिन्हांकित हितग्राहियों से 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे सिंदूर पार्क में निर्धारित समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम का लाभ लेने की अपील की है।