सेवा संकल्प अभियान: विद्यार्थियों को नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता की नई संभावनाओं से कराया परिचित
मुंगेली, 01 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में नवाचार, स्टार्टअप, उद्यमिता एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, मुंगेली द्वारा शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय मुंगेली एवं शासकीय आईटीआई महाविद्यालय मुंगेली में स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार, उद्यमिता एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपने नवीन विचारों को व्यावसायिक रूप देने, नए उद्यम शुरू करने तथा उपलब्ध शासकीय योजनाओं एवं उद्यमिता संबंधी अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह समझाया गया कि स्थानीय स्तर की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए नए एवं उपयोगी विचार विकसित किए जा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज में भागीदारी के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विद्यार्थियों को नवाचार आधारित विचारों को विकसित करने, स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए नए समाधान प्रस्तुत करने तथा अपने रचनात्मक विचारों को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सहायता एवं उद्यमिता से जुड़े अवसरों की जानकारी मिलने से उन्हें अपने भविष्य की संभावनाओं को समझने में सहायता मिली। इस अवसर पर शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय मुंगेली एवं शासकीय आईटीआई महाविद्यालय मुंगेली के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।