सेवा संकल्प अभियान के तहत गांवों में पहुंचा योजनाओं का संदेश

सुकमा, 03 अक्टुबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत छिंदगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत रोकेल में योजना जत्था कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य शासकीय योजनाओं की जानकारी को गांव के अंतिम छोर तक पहुंचाकर पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबी जी राम जी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, किसान कल्याण योजना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कला जत्था द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सहज एवं रोचक तरीके से समझाया गया, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ी जानकारी आसानी से समझ में आई। साथ ही बाल विवाह की रोकथाम के लिए ग्रामीणों को शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में सरपंच, सचिव, ग्रामीणों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कला जत्था ने ग्रामीणों को पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और उपलब्ध नागरिक सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस पहल के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा शासन की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की दिशा में प्रभावी प्रयास किया जा रहा है।

About The Author