सुकमा में उद्यानिकी विकास को मिलेगी नई रफ्तार, डीएमएफ से की गई संविदा भर्ती

सुकमा, 02 अक्टुबर 2026/sns/- जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यानिकी गतिविधियों को मजबूत करने और किसानों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डीएमएफ मद से ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के 06 पदों पर संविदा भर्ती पूरी की गई है। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कलेक्टर चौंबर में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। अधिकारियों की पदस्थापना दूरस्थ क्षेत्रों में की गई है, जिससे वे अपने मुख्यालय में रहकर ग्रामीणों और किसानों से सीधे जुड़ते हुए उद्यानिकी विकास कार्यों को गति देंगे।
नवनियुक्त ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी जिले में फल, सब्जी एवं अन्य उद्यानिकी फसलों के क्षेत्र विस्तार, उन्नत तकनीकों के प्रचार-प्रसार, किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री के उपयोग, फसल विविधीकरण तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही किसानों को उद्यानिकी फसलों के उत्पादन, बेहतर प्रबंधन, कीट-रोग नियंत्रण, सिंचाई एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यानिकी आधारित आजीविका को बढ़ावा देने और किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य उद्यानिकी विभाग की योजनाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और पात्र किसानों को समयबद्ध लाभ दिलाना है। दूरस्थ क्षेत्रों में अधिकारियों की उपलब्धता से किसानों की स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान, योजनाओं की सतत निगरानी और मैदानी स्तर पर बेहतर समन्वय सुनिश्चित होगा। प्रशासन के इस कदम से जिले में उद्यानिकी क्षेत्र के विस्तार के साथ फसल विविधीकरण, स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है।

About The Author