डीएवी स्कूल में ‘रन फॉर डीएवी’ का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश

सुकमा, 02 अक्टुबर 2026/sns/- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, मुरतोंडा, सुकमा में ‘रन फॉर डीएवी’ एवं स्वच्छता अभियान का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और अनुशासन के आदर्शों से जोड़ने के साथ स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। केंद्रीय विद्यालय सुकमा के प्राचार्य श्री दिनेश कुमार, शिक्षा विभाग के कर्मचारी तथा डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री अनिरुद्ध मिश्र सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात करीब 100 विद्यार्थियों एवं विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने ‘रन फॉर डीएवी’ में उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य, अनुशासन, एकता और स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए स्वच्छ वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं श्री दिनेश कुमार ने स्वस्थ जीवनशैली के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री अनिरुद्ध मिश्र ने अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता से आयोजित ‘रन फॉर डीएवी’ और स्वच्छता अभियान ने गांधी जयंती पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ और स्वस्थ जीवनशैली का प्रभावी संदेश दिया।

About The Author