दो कमरों से शुरुआत, आज सूकर पालन से 11 लाख रुपये का शुद्ध लाभ
अम्बिकापुर, 05 अक्टूबर 2026/sns/- पशुधन विकास विभाग की सूकर प्रदाय योजना से मिले सहयोग और अपनी मेहनत के बल पर ग्राम शिवनाथपुर निवासी अनिल कुमार खेस्स ने सूकर पालन को सफल स्वरोजगार का माध्यम बना लिया है। वर्ष 2018 में योजना के तहत प्राप्त एक यूनिट से उन्होंने महज दो कमरों में सूकर पालन शुरू किया। शुरुआती वर्षों में चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और व्यवसाय से होने वाली आय को दोबारा निवेश कर फार्म का विस्तार किया। आज उनके फार्म में करीब 150 सूकर हैं और उन्होंने 10 अतिरिक्त कमरे भी बनाए हैं। अनिल बताते हैं कि पशुधन विकास विभाग के चिकित्सकों से उन्हें सूकरों के खान-पान, शेड प्रबंधन, प्रजनन, टीकाकरण और उपचार संबंधी लगातार मार्गदर्शन मिला। फार्म में प्रजनन के लिए अलग व्यवस्था के साथ बच्चों की वीनिंग और कमजोर बच्चों की विशेष देखभाल की जाती है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उन्होंने लगभग 14.5 से 15 लाख रुपये की बिक्री की, जिसमें करीब 11 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ
अनिल कुमार खेस्स पशुधन विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि विभाग से मिले सहयोग और चिकित्सकीय मार्गदर्शन ने उन्हें इस व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता दी। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र के अन्य पशुपालकों के लिए भी प्रेरणा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर, विशेषज्ञों की सलाह अपनाकर और निरंतर मेहनत के साथ पशुपालन को सफल एवं लाभकारी स्वरोजगार में बदला जा सकता है।