सेवा संकल्प अभियान: विद्यार्थियों ने ग्राम खेढ़ा में जाना ‘हर घर जल’ का महत्व

मुंगेली, 05 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और योजनाओं के जमीनी प्रभाव से परिचित कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करही के विद्यार्थियों का ग्राम पंचायत खेढ़ा में शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं, ‘हर घर जल’ की अवधारणा तथा ग्रामीण जल वितरण व्यवस्था को नजदीक से समझा। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत खेड़ा में जल जीवन मिशन के तहत विकसित पेयजल स्रोत, जल वितरण व्यवस्था एवं फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को पर्याप्त मात्रा में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है।
विद्यार्थियों ने ग्रामीण परिवारों तक नल के माध्यम से पहुंच रहे पानी की व्यवस्था को समझा तथा जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण जीवन में आ रहे बदलावों की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को जल योजना के संचालन एवं संधारण, जल संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा, पेयजल गुणवत्ता और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ग्राम स्तर पर ग्राम पंचायत एवं ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति की भूमिका तथा पेयजल योजनाओं को लंबे समय तक सुचारू रूप से संचालित रखने में समुदाय की सहभागिता के महत्व को भी समझाया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि केवल घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जल स्रोतों का संरक्षण, पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखना और पानी का आवश्यकता के अनुसार उपयोग करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों ने जल जीवन मिशन की विभिन्न गतिविधियों को करीब से समझते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल से जल पहुंचाने की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने जल संरक्षण एवं जल के सदुपयोग के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

About The Author