सेवा संकल्प अभियान के तहत पोलमपल्ली में लगा सेवा शिविर
सुकमा, 05 अक्टुबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को कोंटा विकासखंड के पोलमपल्ली ग्राम में बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर ने शिविर का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को शासन की अधिकाधिक योजनाओं से जोड़ते हुए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की सेवाओं की सीधी और सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के तहत ग्राम देवरपल्ली के 20 अधिकार अभिलेख, 11 किसान किताब एवं 15 बी-1 सहित कुल 46 दस्तावेज तथा जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र हितग्राहियों को वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य जांच के साथ X-Ray की सुविधा उपलब्ध कराई तथा 16 नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए और लगभग 100 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। निर्वाचन शाखा में 37 नए मतदाताओं के फार्म-6 बीएलओ के माध्यम से दर्ज किए गए, जबकि आदिवासी विकास विभाग को वन अधिकार मान्यता (थ्त्।) के 18 आवेदन प्राप्त हुए। उद्यानिकी विभाग ने ग्रामीणों को अमरूद एवं अशोक के 30 पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण को भी प्रोत्साहित किया।
शिविर में ग्रामीणों को आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। जनपद पंचायत कोंटा द्वारा 3 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र तथा 4 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किस्त जारी की गई। महिला स्व-सहायता समूहों को कुल 12 लाख रुपये के तीन चेक वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा 30 किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन, 14 किसानों को केसीसी कार्ड, 7 किसानों को पीएम किसान पोषण पत्र तथा 40 किसानों को सूक्ष्म पोषक तत्व वितरित किए गए। धान के बदले अन्य फसल लेने वाले 2 किसानों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। वहीं श्रम विभाग ने 16 श्रमिकों को श्रम कार्ड वितरित किए तथा 16 नए आवेदन प्राप्त किए। इस तरह शिविर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आवास, आजीविका, राजस्व और सामाजिक सुरक्षा जैसी जरूरतों को एक ही मंच पर पूरा करने का कार्य किया।
सेवा संकल्प अभियान प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को मजबूत कर रहा है, जिसमें शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक बिना किसी अनावश्यक बाधा के पहुंचाना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्री कोरसा सन्नू, जनपद अध्यक्ष कोंटा श्रीमती कुसुमलता कवासी, जनपद सदस्य श्री मडकम भीमा एवं श्रीमती राधा नायक, सरपंच श्री किच्चे भीमा, तहसीलदार श्री योपेंद्र पात्रे, जनपद सीईओ कोंटा श्री गौतम गहिर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पोलमपल्ली में आयोजित यह शिविर ग्रामीणों के लिए शासन-प्रशासन की सेवाओं को उनके द्वार तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को त्वरित लाभ दिलाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।