ईएमआरएस सुकमा में क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन
सुकमा, 05 अक्टुबर 2026/sns/- एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सुकमा में आयोजित दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता (2026-27) 4 अक्टूबर की शाम पदक वितरण और गरिमामय समापन समारोह के साथ संपन्न हुई। 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित इस विशाल खेल समागम में दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के 11 ईएमआरएस विद्यालयों से पहुंचे लगभग 360 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
दो दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, शतरंज, टेबल टेनिस और योगा जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में अपना उत्कृष्ट कौशल दिखाया। मैदान पर रोमांचक मुकाबलों के साथ-साथ अनुशासन, खेल भावना और गजब का टीम वर्क देखने को मिला। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए श्रेष्ठ प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें तैयार करना रहा।
उद्घाटन एवं समापन अवसर पर सुकमा जिले के डिप्टी कलेक्टर शबाब खान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन, निर्णयन एवं तकनीकी व्यवस्था में खेल अधिकारी सहित रेफरियों की अहम भूमिका रही। वहीं खिलाड़ियों के चयन व तकनीकी मूल्यांकन के लिए गठित समिति में प्राचार्य मुकेश कुमार सैनी (तोकापाल), अंकित जावला (छिंदवाड़ा), आदित्य कुमार (ओरछा) और श्रीमती आरती (गदियां) ने राज्य स्तरीय टीम के लिए खिलाड़ियों का पारदर्शी चयन किया।
पूरे आयोजन की अध्यक्षता व सफल निगरानी ईएमआरएस सुकमा के प्राचार्य एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार द्वारा की गई। समापन समारोह में विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्राचार्य राजीव कुमार ने सभी अतिथियों, तकनीकी दल और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सुकमा क्लस्टर का प्रतिनिधित्व करेंगे।