सेवा संकल्प अभियान के तहत नवीन महाविद्यालय लखनपुर में स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन’
अम्बिकापुर, 06 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय नवीन महाविद्यालय लखनपुर में बुधवार को स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वच्छता शपथ ली तथा अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने और अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान की विशेष गतिविधि के रूप में महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्राकृतिक वस्तुओं एवं सामग्रियों का उपयोग कर आकर्षक विशाल रंगोली का निर्माण किया गया। रंगोली के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी, कार्यक्रम के सहायक नोडल अधिकारी सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।