जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं

मुंगेली, 06 अक्टूबर 2026/sns/-  जिला कलेक्टोरेट में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले जनदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख पा रहे हैं और उनके निराकरण के लिए समयबद्ध पहल सुनिश्चित की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे आमजनों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जनदर्शन में नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं को कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करते हुए आवेदन सौंपे। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए तथा आवेदकों को समयबद्ध निराकरण का भरोसा दिलाया।
जनदर्शन में ग्राम नुनियाकछार की कांतिबाई डहरिया ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम लाखासार के जलेश्वर साहू ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने तथा ग्राम कारेसरा के भीमराज ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण की मांग रखी। इसी तरह ग्राम बावली की चंद्रिका साहू ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन स्वीकृत कराने तथा ग्राम बिरगांव की गंगा यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना की जारी पात्र-अपात्र सूची पर आपत्ति दर्ज कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम भरदा के तारन दास जांगड़े ने बिजली करंट से मृत भैंस के मुआवजा राशि दिलाने की मांग रखी। वहीं ग्राम लखासार के केहर राम साहू ने फौती नामांतरण की नकल उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन दिया। ग्राम संगवाकापा के भरत साहू ने पिता की मृत्यु के पश्चात गैस कनेक्शन को पुत्र के नाम स्थानांतरित कराने की मांग रखी।
ग्राम फंदवानी के रामेश्वर वैष्णव ने अपने अस्थि बाधित दिव्यांग पिता के लिए बैटरी चलित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने आवेदन को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए नियमानुसार कार्यवाही का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को नियमों के अनुरूप प्राथमिकता से परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना है। जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author