स्टार्टअप और नवाचार से विद्यार्थियों को जोड़ रहा सेवा संकल्प अभियान

मुंगेली, 06 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजीव गांधी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय लोरमी एवं शासकीय आई.टी.आई. महाविद्यालय सारधा, लोरमी में स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार, उद्यमिता एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपने नए एवं रचनात्मक विचारों को केवल विचार तक सीमित न रखकर उन्हें व्यवसायिक रूप देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं उद्यमिता से जुड़े अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री किशोर राजपूत ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर की समस्याओं को पहचानकर उनके नवीन एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि विद्यार्थियों के नए विचार भविष्य में रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ-साथ समाज और स्थानीय अर्थव्यवस्था के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। विद्यार्थियों को अपने नवाचार आधारित विचारों को विकसित करने, उन्हें प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में राजीव गांधी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय लोरमी एवं शासकीय आई.टी.आई. महाविद्यालय सारधा लोरमी के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

About The Author