मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप रायपुर जिला प्रशासन
रायपुर, 07 अक्टूबर 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप रायपुर जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए अभिनव अभियान ‘प्रोजेक्ट आओ बांटे खुशियां’ के तहत शासकीय अधिकारी-कर्मचारी अपने जन्मदिन को शासकीय स्कूल तथा आंगनबाड़ी में बच्चों के साथ मनाकर खुशियां बांट रहे हैं। इस पहल के माध्यम से जन्मदिन के अवसर को सामाजिक सरोकार और सेवा से जोड़ने का संदेश दिया जा रहा है
इसी क्रम में जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मिथलेश चौधरी ने आज अपना जन्मदिन आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-02, गांधी नगर, अश्वनी नगर में बच्चों के साथ न्योता भोज का आयोजन कर सहपरिवार मनाया।
इस अवसर पर डॉ. चौधरी ने आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों को केक, फल, चॉकलेट, ड्राइंग बुक एवं पेंसिल भेंट की। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। डॉ. चौधरी ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ आत्मीयता से बातचीत भी की।
कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन में संचालित ‘प्रोजेक्ट आओ बांटे खुशियां’ के माध्यम से जिला प्रशासन का उद्देश्य जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को सामाजिक सहभागिता से जोड़ते हुए बच्चों के बीच खुशियां बांटना है। इस पहल से शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को भी सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के कार्यों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।