सेवा संकल्प अभियान के तहत लखनपुर में जनपद स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन

अम्बिकापुर, 08 अक्टूबर 2026/sns/-   सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में जनपद स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन जनपद पंचायत लखनपुर के सभाकक्ष में किया गया। कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री रामराज सिंह ने किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, विद्युत, श्रम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, राजस्व एवं भू-अभिलेख, कृषि, उद्यानिकी, खाद्य, महिला एवं बाल विकास तथा पशुधन विकास विभाग द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा विभागीय सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की पहल की गई।

हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरणों का वितरण
शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, जिससे किसानों को अपनी भूमि की उर्वरता एवं पोषक तत्वों की स्थिति की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। वहीं दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र एवं जन्म प्रमाण पत्र का वितरण किया गया।

स्वास्थ्य परीक्षण के साथ गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई। इस दौरान ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य अमले द्वारा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच एवं समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी गई।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, श्री दिनेश बारी, श्री दिनेश साहू, श्री सुरेश जायसवाल, श्री राजेंद्र जायसवाल, श्री राकेश साहू तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डी.के. गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।

About The Author