डेटा-आधारित हाइपरलोकल इंटरवेंशन कार्यशाला का आयोजन
बलौदाबाजार,7 अक्टूबर 2026/sns/- डेटा-आधारित हाइपरलोकल इंटरवेंशन कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष मे किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
यह कार्यशाला जिले में कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत का प्रतीक है तथा जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के माध्यम से डेटा-आधारित, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप तथा प्रमाण-आधारित सड़क सुरक्षा उपायों को बढ़ावा दिया जाएगा। एक सामान्य व्यवस्था के बजाय जिले की विशिष्ट सड़क सुरक्षा चुनौतियों एवं जोखिम कारकों पर केंद्रित है। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर संस्थागत क्षमता को मजबूत करना, प्रमाण-आधारित सड़क सुरक्षा संबंधी निर्णय लेने की प्रक्रिया को बेहतर बनाना तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से उपयुक्त सड़क सुरक्षा उपायों की पहचान, प्राथमिकता निर्धारण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
इस सहयोगात्मक एवं समन्वित प्रयास के माध्यम से जिले में सड़क सुरक्षा में दीर्घकालिक एवं सतत सुधार लाने तथा सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि को कम करने में योगदान देने का लक्ष्य है।
इस अवसर पर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफटी मद्रास के प्रोजेक्ट इंजीनियर हेमेंद्र शर्मा,अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन सहित सड़क निर्माण एवं संधारण एजेंसियों, पुलिस, परिवहन, यातायात तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।