सेवा के रंग–राष्ट्र के संग’ में बिखरे देशभक्ति के रंग

रायपुर, 08 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत धरसीवां स्थित शासकीय पंडित श्यामाचरण शुक्ल महाविद्यालय परिसर में ‘सेवा के रंग–राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, कला, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोली प्रदर्शनी और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी एवं जनजागरूकता का संदेश दिया। आयोजन में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रंगोली में उभरी राष्ट्रभक्ति की भावना, विद्यार्थियों की रचनात्मकता ने मोहा मन

कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। रंगोली प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रप्रेम, एकता और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार किया। रंगों के माध्यम से प्रस्तुत देशभक्ति की भावना ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और दर्शकों को प्रभावित किया।

नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। इसके माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, सामाजिक कुरीतियों और जनजागरूकता से जुड़े विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। नुक्कड़ नाटक ने यह संदेश दिया कि जागरूक और जिम्मेदार युवा ही स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित समाज की आधारशिला हैं।

विद्यार्थियों ने लिया विकसित भारत 2047 के निर्माण में भागीदारी का संकल्प

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए स्वच्छता, नशामुक्ति, सामाजिक सद्भाव, जनसेवा और देश के सर्वांगीण विकास में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी समझने और समाज के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला प्रभारी श्री सुरेंद्र पाटनी, पूर्व विधायक श्री देवजी भाई पटेल, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की उपाध्यक्ष एवं ‘रंग राष्ट्र’ की जिला प्रभारी श्रीमती चंद्रकांती वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला सेन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री संदीप यदु, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री दिनेश खूंटे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरोज चंद्रवंशी, श्रीमती सविता चंद्राकर एवं श्री हरिशंकर निषाद और जनपद पंचायत धरसीवां के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष केशरवानी, तहसीलदार श्री राजकुमार साहू, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। ‘सेवा के रंग–राष्ट्र के संग’ के माध्यम से कला और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ राष्ट्रभक्ति, नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका का प्रभावशाली संदेश दिया गया।

About The Author