नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए महाविद्यालय में विशेष अभियान
रायगढ़, 8 अक्टूबर 2026/sns/- मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज शासकीय किरोड़ीमल कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में जागरूकता एवं पंजीयन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ईसीआईनेट के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि पात्र नागरिक स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए पंजीयन कर सकते हैं। साथ ही आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक जानकारी एवं पंजीयन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को सरल तरीके से समझाया गया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा अन्य पात्र युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई। विशेष अभियान के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।