सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित
अम्बिकापुर, 29 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्री साईं बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वुमेन्स वेलफेयर सेल के तत्वावधान में शनिवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ की भावना पर केंद्रित पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और रंगों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, सामाजिक परिवर्तन तथा राष्ट्र के प्रति अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में ‘बेटी है कल है’, ‘मेरी बेटी मेरी शान’, ‘बेटी से सशक्त समाज’, ‘महिला सशक्तीकरण: चुनौतियां एवं संभावनाएं’ तथा ‘महिला सशक्तीकरण और सामाजिक परिवर्तन’ जैसे विषयों पर प्रतिभागियों ने आकर्षक पोस्टर बनाए। पोस्टरों में महिला शिक्षा, स्वतंत्रता, स्वाभिमान, नारी शक्ति और उन्मुक्त आकाश में उड़ान भरती महिलाओं की आकांक्षाओं को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया।
प्रतिभागियों की कृतियों में देश और समाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी झलक देखने को मिली। एक ओर पुलवामा की घटना की पीड़ा को चित्रों में उकेरा गया, वहीं दूसरी ओर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को प्रदर्शित किया गया। कोमल एवं चटक रंगों के प्रभावी संयोजन ने पोस्टरों को आकर्षक बनाया। वुमेन्स वेलफेयर सेल प्रभारी डॉ. अलका पांडेय के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, चोपड़ापारा से बीके विद्या, समाजसेवी अनिल मिश्रा एवं मंगल पांडेय उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में डॉ. कंचन साहू, डॉ. जगमीत कौर एवं विनिता मेहता ने सहयोग प्रदान किया।
स्वीप आधारित रंगोली से दिया मतदान जागरूकता का संदेश
इस अवसर पर स्वीप नोडल अधिकारी सुमन मिंज के नेतृत्व में स्वीप आधारित रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें स्वयंसेवकों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से मतदान के महत्व को रेखांकित करते हुए नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।