कुसमरा महाविद्यालय में विद्यार्थियों को दी गई मतदाता पंजीयन की जानकारी

रायगढ़, 9 अक्टूबर 2026/sns/- नवीन शासकीय महाविद्यालय कुसमरा में शुक्रवार को उन विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन की जानकारी दी गई, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। विद्यार्थियों को फॉर्म-6 भरने और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई। इस दौरान कुछ विद्यार्थियों के फॉर्म-6 मोबाइल ऐप के माध्यम से भरे गए।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में छूटे हुए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर 8 से 10 अक्टूबर तक तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत स्कूलों और महाविद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से भी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन भरवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची की प्रविष्टियों का सत्यापन किया जा रहा है। पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट  https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भी भर सकते हैं।

About The Author