कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया गया जागरूक
मुंगेली, 09 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से आयोजित पोषण माह का समापन किया गया। इस दौरान सुपोषण रथ के जरिए आम नागरिकों को संतुलित आहार, बच्चों के पोषण, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं के स्वास्थ्य तथा परिवार में पोषण संबंधी आदतों को अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। सुपोषण रथ के माध्यम से लोगों को बताया गया कि बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार आवश्यक है। गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व की जानकारी दी गई। वहीं, शिशुवती माताओं को शिशु के उचित पोषण तथा छोटे बच्चों के लिए आयु के अनुरूप पूरक आहार की उपयोगिता के बारे में जागरूक किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजुला शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, साफ पानी के उपयोग, हाथ धोने की आदत तथा परिवार में पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जोर दिया गया। लोगों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, हरी पत्तेदार सब्जियों, दालों और मौसमी फलों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। सुपोषण रथ के माध्यम से लोगों तक यह संदेश पहुंचाया गया कि सही खानपान, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतों को अपनाकर कुपोषण की रोकथाम में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। पोषण माह के समापन के साथ ही स्वस्थ बच्चों, सशक्त माताओं और सुपोषित परिवारों के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।