राज्य दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना: ऑनलाइन आवेदन 31 अक्टूबर तक

मुंगेली, 09 अक्टूबर 2026/sns/- समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने तथा उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष राज्य दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना संचालित की जाती है। योजना के अंतर्गत कक्षा 01 से 12वीं तक नियमित रूप से अध्ययनरत पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करने का प्रावधान है। योजना का लाभ लेने के लिए शैक्षणिक सत्र 2026 के पात्र विद्यार्थियों को 31 अक्टूबर 2026 तक नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। जिन दिव्यांग विद्यार्थियों का आवेदन अभी तक नहीं हुआ है, वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक ने बताया कि एनएसपी पोर्टल पर दिव्यांग विद्यार्थियों का ऑनलाइन आवेदन करने से पहले संबंधित स्कूल अथवा शैक्षणिक संस्था का पंजीयन अनिवार्य है। स्कूल या संस्था का पंजीयन नहीं होने की स्थिति में विद्यार्थी का ऑनलाइन आवेदन नहीं किया जा सकेगा। दिव्यांग छात्र-छात्राओं के पंजीयन एवं आवेदन हेतु दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, यूडीआईडी कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता होगी। ऑनलाइन आवेदन के संबंध में सहायता के लिए जिला कलेक्टोरेट स्थित उप संचालक, समाज कल्याण विभाग कक्ष क्रमांक 141 में सम्पर्क कर सकते हैं।

About The Author