मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित

कोरबा, 10 अक्टूबर 2026/sns/- आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, कोरबा द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत जिले के पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का लाभ छत्तीसगढ़ के ऐसे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को दिया जाएगा, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है। इसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) तथा राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) में प्रवेशित विद्यार्थी शामिल हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के माध्यम से शासकीय संस्थान में एमबीबीएस तथा संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) के माध्यम से शासकीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) अथवा भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में बीटेक पाठ्यक्रम के लिए प्रवेशित विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
पात्र विद्यार्थी निर्धारित आवेदन प्रारूप में 30 अक्टूबर 2026 तक अपने गृह जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, कोरबा में आवेदन जमा कर सकते हैं। योजना के तहत संस्थान में प्रवेश के समय यात्रा, आवास, भोजन, कपड़े, तत्कालीन शुल्क और दवाइयों जैसी आवश्यकताओं के लिए एकमुश्त सहायता दी जाएगी। सहायता राशि अधिकतम 50 हजार रुपये तक होगी। पालक या अभिभावक की वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय सेवकों के बच्चे योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। हालांकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चे पात्र हो सकते हैं। आवेदन के साथ सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति, मूल निवास और आय प्रमाण-पत्र, कक्षा 12वीं की अंकसूची, आधार कार्ड, बैंक विवरण तथा प्रवेशित संस्थान और शुल्क से संबंधित दस्तावेज संलग्न करना आवश्यक है। आवेदन पत्र में प्रवेश और संबंधित व्यय का विवरण भी भरना होगा। अधिक जानकारी और आवेदन प्रारूप के लिए विद्यार्थी मोबाइल नंबर 7389452766 या 7869096888 में अथवा सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, आईटीआई रामपुर, कलेक्ट्रेट परिसर, प्रथम तल,  योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

About The Author