सेवा की कहानी: किसान परिवार के कृष्णा यादव की उच्च शिक्षा में मददगार बनी छात्रवृत्ति

अम्बिकापुर, 10 अक्टूबर 2026/sns/-  सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं विद्यार्थियों की शिक्षा में सहायक बन रही हैं। छात्रवृत्ति के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है। इसी कड़ी में राजीव गांधी पीजी कॉलेज में बीएससी प्रथम सेमेस्टर के छात्र कृष्णा यादव के लिए छात्रवृत्ति पढ़ाई में महत्वपूर्ण सहारा बनी है।

कृष्णा यादव ने बताया कि उनके पिता कृषि कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में उनके अलावा एक भाई और एक बहन हैं। कृषि पर निर्भर परिवार में उच्च शिक्षा के दौरान किताबें, कॉपी और कॉलेज आने-जाने का खर्च पूरा करना जरूरी होता है। ऐसे में शासन से मिलने वाली छात्रवृत्ति उनकी शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है।

छात्रवृत्ति से पढ़ाई के खर्च में मिल रही राहत
कृष्णा ने बताया कि छात्रवृत्ति मिलने से उन्हें किताबें एवं कॉपी खरीदने के साथ कॉलेज आने-जाने के खर्च में सहायता मिलती है। इससे पढ़ाई से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में सुविधा हो रही है। छात्रवृत्ति उनके लिए आर्थिक सहयोग के साथ शिक्षा जारी रखने का प्रोत्साहन भी बनी है।

कृष्णा यादव ने छात्रवृत्ति से मिल रही सहायता पर खुशी व्यक्त करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कृष्णा यादव की यह कहानी दर्शाती है कि छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं किसान परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जुड़े खर्चों में सहायता प्रदान कर रही हैं और उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।

About The Author