लखनपुर में तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का समापन

अम्बिकापुर 10 अक्टूबर 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में आयोजित तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिताओं का शनिवार को पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, लखनपुर में उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का आयोजन 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक किया गया। प्रतियोगिता में कुल 15 हजार 567 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 2 हजार 270 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा, खेल कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्रों के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के साथ जूनियर एवं सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

खेल जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार करते हैंकृकैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य एवं संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि सच्चा खिलाड़ी कभी हार नहीं मानता, बल्कि असफलताओं से सीख लेकर नए उत्साह एवं दृढ़ संकल्प के साथ सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करता है।
   मंत्री श्री अग्रवाल ने लखनपुर विकासखंड के खिलाड़ियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें उचित अवसर एवं प्रोत्साहन प्रदान करने की। सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सरगुजा के खिलाड़ियों में प्रतिभा की अपार संभावनाएंकृविधायक श्री प्रबोध मिंज
विशिष्ट अतिथि लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में भागीदारी से युवाओं का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने दौड़, लंबी कूद सहित विभिन्न खेल विधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों में प्रतिभा एवं क्षमता की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को खेल प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक सहभागिता करने तथा निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
     विधायक श्री मिंज ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन का विकास होता है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हितेश कुमार ने प्रथम, सचिन कुमार ने द्वितीय एवं कृष्णकांत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार 200 मीटर दौड़ में अंकुर कुशवाहा प्रथम, अमन राजवाड़े द्वितीय एवं मनीष कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में सतीश सिंह ने प्रथम, साहिल राजवाड़े ने द्वितीय तथा दिव्यांश सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में बिंदु सिंह प्रथम, अंजली राजवाड़े द्वितीय एवं साधना तृतीय स्थान पर रहीं।
महिला सीनियर वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में पांडी की टीम ने प्रथम तथा शिरकोनगा की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त रिले दौड़ सहित अन्य खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को भी अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 8 अक्टूबर को जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री के नेतृत्व में किया गया था। शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं मंत्री प्रतिनिधि श्री विजय अग्रवाल तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की थी।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, चक्का फेंक, 4×100 मीटर रिले दौड़ एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इनमें महिला एवं पुरुष तथा जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डी.के. गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन देते हुए 8 से 10 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की सहभागिता एवं प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन की जानकारी दी।

इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, जनपद सदस्य श्रीमती नीतू झरिया एवं श्रीमती रजनी पैंकरा, श्री दिनेश साहू, तहसीलदार श्री अमन चतुर्वेदी, जनपद सीईओ सुश्री खुशबू शास्त्री, श्री सुरेश जायसवाल, श्री राजेंद्र जायसवाल, श्री राकेश साहू, श्री यतेन्द्र पांडेय, श्री रवि महतो, श्री धरम सिंह राजवाड़े, श्री चक्रभान राजवाड़े, ग्राम पंचायत पुहपुटरा के सरपंच श्री गोविंद, श्री मोहरलाल राजवाड़े एवं श्री विक्रम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री आलोक सिंह, संकुल समन्वयक श्री ओम प्रकाश कुर्रे एवं श्री दीपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का मंच संचालन आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की एबीपी फेलो सुश्री शुभिता शुक्ला एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती अनुराधा सिंह ने किया।

About The Author