“सेवा संकल्प अभियान“ के तहत सुकमा में सजा “सेवा सेतु शिविर
सुकमा, 09 अक्टुबर 2026/sns/- नगर पालिका परिषद सुकमा में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से “सेवा संकल्प अभियान“ के तहत “सेवा सेतु शिविर“ का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में नागरिकों की विभिन्न मांगों एवं शिकायतों पर तत्परता से सुनवाई की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से बचाना और प्रशासन व जनता के बीच सीधे संवाद और विश्वास को मजबूत करना रहा। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया गया। इनमें विशेष रूप से स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, राशन कार्ड, पेंशन, राजस्व, भवन अनुज्ञा और आधार अपडेशन जैसी मूलभूत नागरिक सेवाओं पर फोकस रहा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री विनीत सब से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुकमा निकाय के 25 आवेदनों में आधार अपडेशन के 7, पीएम आवास योजना के 6, राशन कार्ड के 4, पीएम स्वनिधि के 3, ई-केवाईसी श्रम पंजीयन के 3, पेंशन/राष्ट्रीय सहायता योजना का 1 तथा अन्य मद का 1 आवेदन शामिल रहा। अधिकारियों ने शिविर स्थल पर ही तत्परता दिखाते हुए 10 मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण सुनिश्चित कर दिया, जबकि शेष 15 आवेदनों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया है।
स्थानीय स्तर पर भी इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला है, जहाँ विभिन्न निकायों से कुल 457 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें आवास योजना के 58, आधार अपडेशन के 93, पीएम सूर्य घर योजना के 56 तथा राशन कार्ड से जुड़े 37 आवेदन प्रमुख रहे। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से सुकमा सहित पूरे अंचल में लोगों को एक ही छत के नीचे त्वरित प्रशासनिक सेवाएं मिलने से बड़ी राहत मिली है।