सेवा संकल्प अभियान: सेवा की कहानी

जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर 2026/sns/- शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं श्रमिक परिवारों की बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को संवारने में सहायक बन रही हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत ग्राम बनारी, विकासखंड नवागढ़ निवासी निर्माण श्रमिक श्रीमती कुमारी बाई यादव की पुत्री कुमारी आकांक्षा यादव को 20 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इससे आकांक्षा को आगे की पढ़ाई जारी रखने में सहयोग मिलेगा।  मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। योजना के प्रावधानों के अनुसार, निर्धारित पात्रता पूरी करने वाली पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो अविवाहित पुत्रियों को 18 से 21 वर्ष की आयु के बीच तथा कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होने पर 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसके लिए निर्माण श्रमिक का पंजीयन कम से कम तीन वर्ष पूर्व का होना आवश्यक है।
हितग्राही कुमारी आकांक्षा यादव ने बताया कि योजना के तहत प्राप्त सहायता राशि का उपयोग वह अपनी आगे की पढ़ाई में करेंगी। उन्होंने इस आर्थिक सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया। योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता आकांक्षा जैसी बेटियों को शिक्षा जारी रखने और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

About The Author