छूटे हुए एवं पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीयन हेतु चलेगा
बीजापुर, 12 अक्टूबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के पूर्ण होने के पश्चात छूटे हुए और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नामांकन हेतु जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार विशेष अभियान के अंतर्गत छूटे हुए पात्र नागरिकों के साथ-साथ ऐसे युवा जो पहली बार मतदाता बनेंगे, उनका चिन्हांकन कर पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी।
विशेष अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा अपने मतदान केन्द्रों में शिविर आयोजित करने, घर-घर सर्वे करने एवं फॉर्म-6 भरवाने जैसे मतदाता सूची से संबंधित सभी कार्य पूर्ण किए जाएंगे।
ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष अभियान के संचालन हेतु निर्देश
ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम कोटवार के माध्यम से घर-घर सर्वे के संबंध में मुनादी कराई जाएगी। उक्त समस्त कार्यवाही के फोटोग्राफ व्हाट्सएप ग्रुप में अनिवार्य रूप से साझा किए जाएंगे।
इसी प्रकार नगरीय क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर आने वाले समस्त मतदान केन्द्रों में विशेष अभियान के तहत होने वाले घर-घर सर्वे एवं कार्यक्रम संबंधी निर्देशों को एनाउंस कराया जाएगा।