छूटे हुए एवं नए युवा मतदाताओं के पंजीयन हेतु चलेगा विशेष अभियानबीएलओ करेंगे घर-घर सर
बीजापुर, 12 अक्टूबर 2026/sn/- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 89 बीजापुर में छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के साथ-साथ ऐसे युवा एवं पहली बार पात्र बने मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है, जिनके नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।
यह कार्य बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर भ्रमण कर मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण (Continuous Updation) की प्रक्रिया के अंतर्गत किया जाएगा।
नागरिकों की सक्रिय सहभागिता और सहयोग से यह सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा समस्त पात्र नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना पंजीयन विधिवत सुनिश्चित करें।
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
मतदाता सूची में अपना पंजीयन कराने के लिए ECI NET मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 में ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए जिले के महाविद्यालयों में लगेंगे विशेष शिविर12 से 23 अक्टूबर तक विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में चलेगा विशेष अभियान, पहली बार पात्र बने युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की पहलबीजापुर, 12 अक्टूबर 2026- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष अभियान (Special Drive) के अंतर्गत जिले में युवा मतदाताओं के पंजीयन हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार ऐसे पात्र मतदाताओं का चिन्हांकन कर पंजीयन किया जाएगा, जिनके नाम वर्तमान में मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं अथवा पूर्व में विलोपित किए गए हैं।
अभियान के तहत स्वीप कार्ययोजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के समस्त स्कूलों तथा महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन हेतु व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। शैक्षणिक संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से भावी एवं युवा मतदाताओं को पंजीयन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इन शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित होंगे विशेष शिविर
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर को शासकीय शहीद वेंकट राव महाविद्यालय बीजापुर, 13 अक्टूबर को शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बीजापुर, 14 अक्टूबर को शासकीय कन्या महाविद्यालय एजुकेशन सिटी बीजापुर तथा 15 अक्टूबर को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बीजापुर में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसी प्रकार 16 अक्टूबर को धुरवाराव माड़िया शासकीय महाविद्यालय भैरमगढ़, 21 अक्टूबर को शासकीय इन्द्रावती महाविद्यालय भोपालपटनम, 22 अक्टूबर को वीर नागुलदोरला शासकीय महाविद्यालय आवापल्ली तथा 23 अक्टूबर को शासकीय नवीन महाविद्यालय कुटरू में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों के आयोजन हेतु जिले के समस्त तहसीलदारों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। शिविरों में कॉलेज प्रशासन, बूथ लेवल अधिकारियों एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के समन्वय से पात्र युवा मतदाताओं का पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा।