योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बीजापुर, 12 अक्टूबर 2026/sns/- जनपद पंचायत बीजापुर के सभा कक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे की अध्यक्षता में विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों एवं संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
वीबी-जी-रामजी योजना के तहत रोजगार सृजन एवं निर्माण कार्यों पर विशेष जोर
बैठक में वीबी-जी-रामजी योजना की समीक्षा करते हुए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने, ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक डबरी एवं तालाब निर्माण कार्य प्रारंभ करने तथा एनएमएमएस (NMMS) के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा स्पेशल प्रोजेक्ट के अंतर्गत आवश्यक दस्तावेजों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला समन्वयक सहित संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को आवास निर्माण कार्यों की प्रगति पर सतत निगरानी रखने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन के निर्माण कार्यों में लाएं तेजी
स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने को कहा गया।
सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बीजापुर श्री मनीष भारती, सहायक परियोजना अधिकारी श्री मनीष सोनवानी, प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला समन्वयक, संबंधित योजना अधिकारी एवं कर्मचारी, ब्लॉक समन्वयक, ग्राम पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायकों की उपस्थिति रही।