सेवा संकल्प अभियान के तहत सायर जलाशय में वृहद स्वच्छता अभियान

अम्बिकापुर, 13 अक्टूबर 2026/sns/-   सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संसाधन विभाग, संभाग क्रमांक-1, अम्बिकापुर द्वारा मंगलवार को सायर जलाशय में वृहद श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए जलाशय परिसर की साफ-सफाई की तथा जलस्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।
अभियान के दौरान सामूहिक श्रमदान कर जलाशय परिसर में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। इस अवसर पर ग्रामीणों को जल संरक्षण, जलस्रोतों की नियमित साफ-सफाई तथा प्राकृतिक जल संपदा के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही जलाशयों के पारिस्थितिकीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए जलस्रोतों को स्वच्छ, निर्मल एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
 कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बताया गया कि जल संरक्षण केवल शासकीय विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जलस्रोतों की स्वच्छता एवं नियमित देखरेख से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ ही भावी पीढ़ियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जल संसाधन विभाग, संभाग क्रमांक-1, अम्बिकापुर के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के पंचगण, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जलाशय की स्वच्छता बनाए रखने एवं प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में सायर जलाशय में आयोजित सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम के माध्यम से ‘स्वच्छ जलस्रोत, सुरक्षित भविष्य’ का संदेश दिया गया।

About The Author