जनदर्शन में सुनी गईं आम नागरिकों की समस्याएं

मुंगेली, 13 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टोरेट में जनदर्शन का आयोजन किया गया। जनदर्शन में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं को सुना गया और प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जनदर्शन में ग्राम भूतकछार की श्रीमती रंजीत यादव ने अपने पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद मुआवजा राशि दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं, ग्राम हथिनी कल की श्रीमती दुर्गा यादव ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण कराने की मांग रखी। इसी प्रकार ग्राम सोनपुरी के दिव्यांग श्री गोविंद बारमते ने तीन पहिया स्कूटी उपलब्ध कराने तथा ग्राम रोहरा खुर्द के श्री हरि प्रसाद मेखले ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। इनके अलावा अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर निराकरण की मांग की।
जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव एवं श्री अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author