मतदाता सूची में नाम जोड़ने अक्टूबर माह में चलाया जा रहा विशेष अभियान
रायगढ़, 13 अक्टूबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए अक्टूबर 2026 में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों 15-लैलूंगा, 16-रायगढ़, 18-खरसिया एवं 19-धरमजयगढ़ में मतदाता सूची का सत्यापन कर पात्र नागरिकों को सूची में नाम जुड़वाने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) वर्तमान मतदाता सूची की तुलना विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पूर्व की मतदाता सूची से करेंगे। इस दौरान वर्तमान सूची में नाम नहीं पाए जाने वाले मतदाताओं की सूची तैयार कर घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले नागरिकों को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की सुविधा दी जाएगी।
विशेष अभियान में ऐसे पात्र नागरिक भी शामिल होंगे, जिनकी आयु आगामी निर्धारित अर्हता तिथियों पर 18 वर्ष पूर्ण होगी। इनमें 1 जनवरी 2027, 1 अप्रैल 2027, 1 जुलाई 2027 तथा 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा शामिल हैं। इसके साथ ही 17 वर्ष या उससे अधिक आयु के भावी मतदाता भी अग्रिम रूप से ऑफलाइन अथवा ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकेंगे।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रचार-प्रसार के लिए विधानसभा स्तर पर सभी बूथ लेवल अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक बुधवार एवं गुरुवार को मतदान केंद्रों पर कार्यालयीन समय में तथा शुक्रवार एवं शनिवार को मतदान केंद्र के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अन्य पात्र युवाओं को मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान के तहत आयोजित शिविरों में सक्रिय सहभागिता निभाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की जांच करें। पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण के लिए ECINET मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभा सके।