डिजिटल क्रॉप सर्वे में पारदर्शिता और सटीकता का रखें ध्यान-कलेक्टर
रायगढ़, 13 अक्टूबर 2026/ sns/- जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पारदर्शिता और सटीकता के साथ पूरा करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज खरसिया अनुविभाग के ग्राम कुनकुनी में खेत पहुंचकर सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने किसान के खेत में सर्वेयर द्वारा किए जा रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे का भौतिक सत्यापन किया और संबंधित खसरे के रकबे का खेत की वास्तविक स्थिति से मिलान किया। इस दौरान उन्होंने सर्वे की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए निर्धारित नियमों के अनुरूप त्रुटिरहित सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में प्रत्येक खसरे में बोई गई फसल और उसके वास्तविक क्षेत्रफल का सही विवरण दर्ज होना चाहिए। सर्वेयर किसानों के खेतों में पहुंचकर फसल का भौतिक सत्यापन करें तथा सॉफ्टवेयर में फसल की तस्वीर अपलोड करते हुए जियो-टैगिंग सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करें। सर्वे के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
कलेक्टर ने एसडीएम एवं राजस्व अधिकारियों को सर्वे कार्य की नियमित निगरानी करने और ग्रामवार प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही खसरों की जियो-रेफरेंसिंग, पॉलीगॉन निर्माण, फसल की वास्तविक स्थिति के सत्यापन तथा सर्वे के आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन खसरों के नक्शे उपलब्ध नहीं हैं अथवा जियो-रेफरेंसिंग नहीं हुई है, उनकी पहचान कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए। कलेक्टर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में सर्वे का कार्य 90 प्रतिशत या उससे अधिक पूरा हो चुका है, वहां शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए लक्ष्य निर्धारित किए जाएं। सर्वे केवल औपचारिकता न होकर खेतों में मौजूद वास्तविक फसल की स्थिति पर आधारित होना चाहिए। आंकड़ों में किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल सुधार किया जाए। इस दौरान एसडीएम खरसिया श्री प्रवीण भगत सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।