पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर देशभर मे पदयात्रा करने वाले

बलौदाबाजार,14 अक्टूबर 2026/sns/- जिले के ग्राम जारा निवासी सौरभ देवांगन ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पांच वर्षों तक पूरे भारतवर्ष की पैदल यात्रा की। अपनी इस प्रेरणादायक यात्रा का अनुभव साझा करने के लिए उन्होंने कलेक्टर कुलदीप शर्मा से बुधवार को मुलाकात की।कलेक्टर श्री शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण के प्रति सौरभ देवांगन के उल्लेखनीय योगदान और उनके जज्बे की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया। इस दौरान सौरभ देवांगन ने कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने का संदेश दिया

इस अवसर पर कलेक्टर श्री शर्मा ने जिले में जनसहयोग से जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में लगभग ढाई लाख जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इन प्रयासों का उद्देश्य ‘गांव का पानी गांव में, शहर का पानी शहर में और खेत का पानी खेत में’ के संकल्प को साकार करना है, ताकि वर्षा जल का संरक्षण कर जल संकट की चुनौती से निपटा जा सके।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और युवाओं की सक्रिय भूमिका से पर्यावरण संरक्षण एवं जल संचयन के प्रयासों को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।उन्होंने सौरभ जैसे जागरूक एवं समर्पित युवाओं से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन से जुड़ी ऐसी जनहितकारी पहलों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें।

About The Author