मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिलेभर में विविध गतिविधियों का आयोजन
अम्बिकापुर, 14 अक्टूबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन में जिले में 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग तथा मतदान केंद्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से विभिन्न स्तरों पर मतदाता जागरूकता एवं पंजीयन संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
अभियान के तहत निर्वाचक नामावली में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए प्रत्येक बुधवार एवं गुरुवार को मतदान केंद्र स्तर पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है। इसके अतिरिक्त जिले के शैक्षणिक संस्थानों में प्रत्येक शुक्रवार एवं शनिवार को विशेष मतदाता पंजीयन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय, होली क्रॉस महिला महाविद्यालय, अम्बिकापुर तथा विकासखंड लखनपुर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में मतदाता जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न आकृतियों में मानव श्रृंखला बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाताओं की सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया।
मतदाता जागरूकता गतिविधियों में शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ-साथ ग्रामीण मतदाताओं ने भी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, मतदाता विवरण की जानकारी प्राप्त करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक किया गया। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान का संदेश देते हुए नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र युवाओं का मतदाता पंजीयन सुनिश्चित करना, मतदाता सूची को अद्यतन करने में नागरिकों की सहभागिता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जनजागरूकता विकसित करना है। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवा एवं नवीन मतदाताओं को मताधिकार के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जा रहा है।