युवाओं के संकल्प से साकार होगा विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का सपना: विश्व विजय सिंह तोमर

मुंगेली, 14 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में ‘युवा उड़ान 2026 विकसित छत्तीसगढ़’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, कौशल विकास, सामाजिक जागरूकता और विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में युवाओं ने न केवल विचारों को सुना, बल्कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के विषयों पर अपने अभिमत भी लिखित रूप में प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद एवं मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, श्री लखन लाल साहू, श्री शैलेश पाठक, जिला अध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, श्री रवि साहू, वरिष्ठ खेल अधिकारी श्री संजय पाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, संकल्प और परिश्रम से मिलेगी मंजिल

राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्त करो’ के संदेश को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। युवाओं को अपनी परिस्थितियों में बेहतर प्रयास करते हुए परिवार, गांव, जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से सुशासन, पारदर्शिता और जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति, नशे से दूर रहकर राष्ट्रहित में करें योगदान

मुंगेली विधायक श्री मोहले ने युवाओं से कड़ी मेहनत कर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और राष्ट्र की सुरक्षा, विकास तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को नशे एवं अन्य हानिकारक गतिविधियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने साइबर ठगी के प्रति गांव-गांव में जनजागरूकता फैलाने तथा लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

विधायक श्री मोहले ने कविता के माध्यम से ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी के विषय पर बच्चों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं को देश के विकास, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का महत्वपूर्ण आकर्षण ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर युवाओं के साथ हुआ संवाद रहा।
संवाद के माध्यम से युवाओं को विषय को समझने तथा इस पर अपने विचार बनाने का अवसर मिला। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत आदि विषयों पर युवाओं से उनका अभिमत आमंत्रित किया गया। युवाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी-अपनी बातों और विचारों को कागज पर लिखकर युवा आयोग को सौंपा। इस गतिविधि ने कार्यक्रम को केवल संबोधन तक सीमित न रखते हुए युवाओं के विचारों, सहभागिता और अभिव्यक्ति को भी महत्व दिया।
श्री लखन लाल साहू ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्र हितग्राहियों तक उनका लाभ पहुंचाने में सहयोग करने की बात कही। जिला अध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी ने युवाओं के कौशल विकास और सकारात्मक विचारधारा के महत्व पर प्रकाश डाला। श्री यश गुप्ता ने बच्चों से विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए एक देश में एक साथ चुनाव की अवधारणा और उसकी विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। युवा श्री रवि साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन का उल्लेख करते हुए युवाओं से रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजित करने वाला बनने की दिशा में प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास और खेलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा खेलो इंडिया जैसी पहल के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए वरिष्ठ खेल अधिकारी श्री संजय पाल ने बताया कि ‘युवा उड़ान 2026’ का उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को उत्कृष्ट कार्यों, शासकीय योजनाओं, कौशल विकास तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। साइबर जागरूकता सत्र में युवाओं को अनजान कॉल, संदिग्ध संदेशों, फर्जी लिंक और ऑनलाइन भुगतान से जुड़ी धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी अथवा अन्य संवेदनशील विवरण साझा नहीं करना चाहिए। युवाओं से अपने परिवार, गांव और समाज के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री अशोक सोनी ने किया।

About The Author