अब टोकन प्रणाली से होगा उर्वरक वितरण, किसानों को मिलेगी पारदर्शी और सुविधाजनक व्यवस्था

मुंगेली, 14 अक्टूबर 2026/sns/- किसानों को समय के साथ उचित दर पर और सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में रबी वर्ष 2026-27 से फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल के अंतर्गत टोकन प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी के तहत कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में कार्यालय उप संचालक कृषि मुंगेली के सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। टोकन प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण व्यवस्था अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनेगी।
प्रशिक्षण में जिले के 70 समिति प्रबंधकों सहित समितियों के कंप्यूटर ऑपरेटरों, थोक एवं फुटकर उर्वरक विक्रेताओं, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों तथा प्रगतिशील कृषकों ने भाग लिया। उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि टोकन प्रणाली लागू होने से किसानों को समय पर उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। इस व्यवस्था से उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा कालाबाजारी जैसी स्थितियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही, किसानों को उर्वरक प्राप्त करने के दौरान होने वाली असुविधाओं में भी कमी आएगी। प्रशिक्षण में जिला मास्टर ट्रेनर श्री मनहरण कुर्रे ने प्रतिभागियों को टोकन प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण की प्रक्रिया, इसके संचालन तथा प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

About The Author