स्मार्ट पीडीएस पोर्टल से घर बैठे होंगे राशन कार्ड संबंधी कार्य
मुंगेली, 14 अक्टूबर 2026/sns/- शासन की मंशानुरूप शासकीय सेवाओं को सरल, सुलभ एवं पारदर्शी बनाने तथा आम नागरिकों को अनावश्यक कार्यालय आवागमन से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से राशन कार्ड संबंधी विभिन्न सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस डिजिटल व्यवस्था से हितग्राही घर बैठे राशन कार्ड से जुड़े आवश्यक कार्यों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से राशन कार्ड संबंधी सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने से नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए शासकीय कार्यालयों में बार-बार जाने की आवश्यकता कम होगी। इससे हितग्राहियों के समय एवं श्रम की बचत होगी और सेवाओं तक उनकी पहुंच अधिक सुविधाजनक बनेगी।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से हितग्राही नवीन राशन कार्ड के लिए आवेदन करने के साथ ही राशन कार्ड में नाम एवं विवरण संशोधन, राशन कार्ड स्थानांतरण, सदस्य का नाम विलोपन तथा सदस्य विभाजन जैसे कार्यों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, पोर्टल पर उपलब्ध सुविधा के अनुसार राशन कार्ड की पीडीएफ प्रति डाउनलोड करने की सुविधा भी दी गई है। ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने के लिए हितग्राही को आधिकारिक वेबसाइट https://cg.smartpds.nic.in/login पर जाकर ‘सिटीजन लॉगिन’ विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद पोर्टल पर उपलब्ध ‘लॉगिन विद आधार ओटीपी’ अथवा ‘लॉगिन विद राशन कार्ड नंबर’ विकल्प के माध्यम से लॉगिन कर संबंधित सेवा के लिए आवेदन किया जा सकता है।