डिजिटल क्रॉप सर्वे के दूसरे चरण का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

रायगढ़, 14 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के दूसरे चरण का कार्य किया जा रहा है। सर्वे कार्य में सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी मैदानी स्तर पर निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में लैलूंगा और धरमजयगढ़ तहसील के विभिन्न गांवों में सर्वे कार्यों का जायजा लेकर सर्वेयरों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व लैलूंगा श्री राकेश कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में ग्राम कुंजारा, खैरबहल एवं कोड़केल में डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्यों का निरीक्षण किया गया। वहीं, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व धरमजयगढ़ श्री प्रवेश पैकरा ने धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम मिरीगुड़ा एवं उदउदा में सर्वे कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सर्वेयरों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने तथा खेतों में बोई गई फसलों की वास्तविक स्थिति के अनुरूप जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। डिजिटल क्रॉप सर्वे के अंतर्गत धान सहित अन्य फसलों का खेतों में भौतिक सत्यापन कर डिजिटल प्रविष्टि की जा रही है। इसके साथ ही धान के खसरों का पॉलीगॉन तैयार कर फसल एवं रकबे से संबंधित जानकारी दर्ज की जा रही है, जिससे सर्वे का विवरण सटीक और व्यवस्थित रहे।

मुनादी के जरिए किसानों तक पहुंच रही जानकारी
सर्वे कार्य की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है। इसके बाद सर्वे दल खेतों में पहुंचकर फसलों का भौतिक सत्यापन कर रहा है और संबंधित जानकारी डिजिटल रूप में दर्ज कर रहा है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि सर्वे दल के गांव एवं खेतों में पहुंचने पर वे उपस्थित रहकर बोई गई फसल और उसके रकबे से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराएं। किसानों के सहयोग से सर्वे कार्य को अधिक सटीकता के साथ पूरा करने में मदद मिलेगी।

About The Author