सेवा की कहानी: पीएम सूर्य घर योजना से कृष्ण कुमार गुप्ता बने ऊर्जा उत्पादक, बिजली खर्च में मिली राहत

अम्बिकापुर, 15 अक्टूबर 2026/sns/-    प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने और घरेलू बिजली खर्च कम करने का अवसर मिल रहा है। अम्बिकापुर के प्रतापपुर रोड निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता ने अपने घर की छत पर 5 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित कर बिजली उत्पादन की दिशा में कदम बढ़ाया है। उनके अनुसार सोलर सिस्टम से प्रतिदिन लगभग 20 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है, जो उनके परिवार की घरेलू खपत से अधिक है। इससे बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ ही वे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को लेकर उत्साहित हैं। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत उनकी यह कहानी सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता और शासकीय योजना से मिल रहे लाभ को दर्शाती है।

’प्रतिदिन लगभग 20 यूनिट बिजली का उत्पादन, घरेलू खर्च में बचत’
कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले वे घरेलू जरूरतों के लिए पूरी तरह विद्युत आपूर्ति पर निर्भर थे। बिजली की खपत के अनुसार हर महीने बिल का भुगतान करना पड़ता था। पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने घर पर 5 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाया। अब इससे प्रतिदिन औसतन 20 यूनिट बिजली प्राप्त हो रही है। उन्होंने बताया कि सोलर सिस्टम से उत्पादित बिजली उनकी घरेलू आवश्यकता से अधिक होने के कारण बिजली पर होने वाले खर्च में कमी आई है।

’1.08 लाख रुपये की सब्सिडी से सोलर सिस्टम लगवाना हुआ आसान’
कृष्ण कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी का प्रावधान है। इससे सोलर सिस्टम स्थापित करने में आर्थिक सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि शेष राशि के लिए बैंक से ऋण लेकर किस्तों में भुगतान करने की सुविधा भी उपलब्ध है। उनके अनुसार मासिक किस्तों के माध्यम से राशि चुकाने का विकल्प होने से इच्छुक परिवारों को सोलर सिस्टम लगवाने में आसानी हो सकती है।

’ऊर्जा उपभोक्ता से ऊर्जा उत्पादक बनने पर जताई खुशी’
कृष्ण कुमार ने कहा कि सोलर सिस्टम लगवाने के बाद उनके परिवार को बिजली खर्च में राहत मिल रही है। उन्होंने कहा, पहले हम ऊर्जा उपभोक्ता थे, अब ऊर्जा दाता बन गए हैं। हमारे घर में जितनी बिजली की जरूरत है, उससे अधिक बिजली सोलर सिस्टम से मिल रही है। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी अपने घरों में सोलर सिस्टम लगवाने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की। उनका कहना है कि सौर ऊर्जा के उपयोग से घरेलू बिजली खर्च कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलता है।
योजना का लाभ मिलने पर कृष्ण कुमार गुप्ता ने केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सोलर सिस्टम स्थापित होने से परिवार को आर्थिक राहत मिली है और भविष्य में भी इसका लाभ मिलता रहेगा। उनकी यह पहल घरेलू स्तर पर सौर ऊर्जा उत्पादन और बिजली खर्च में बचत की दिशा में एक उदाहरण बन रही है।

About The Author