सेवा की कहानी: पक्के आवास से बदली पहाड़ी कोरवा दिलबंधु की जिंदगी
अम्बिकापुर, 15 अक्टूबर 2026/sns/- प्रधानमंत्री आवास योजना से विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के परिवारों का पक्के आवास का सपना साकार हो रहा है। अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मानिकप्रकाशपुर निवासी दिलबंधु भी योजना का लाभ पाकर खुश हैं। कभी मिट्टी के कच्चे मकान में रहने वाले दिलबंधु अब पक्के घर में सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इसके साथ ही गांव में सड़क, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से उनके परिवार का दैनिक जीवन भी आसान हुआ है। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत दिलबंधु की यह कहानी शासकीय योजनाओं से ग्रामीण जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलाव को दर्शाती है।
बरसात में टपकती थी छत, खपरा लगाकर करनी पड़ती थी मरम्मत
दिलबंधु ने बताया कि पहले उनका परिवार मिट्टी के कच्चे मकान में रहता था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण काफी परेशानी होती थी। बारिश से बचाव के लिए खपरा लगाकर छत की मरम्मत करनी पड़ती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान बनने से अब इन समस्याओं से राहत मिली है। परिवार को सुरक्षित आवास मिलने के साथ ही हर वर्ष बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों से छुटकारा मिला है।
बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से बदली गांव की तस्वीर
दिलबंधु ने बताया कि पहले गांव में झाड़ी-झंखाड़ अधिक थे और सड़कों की स्थिति अच्छी नहीं होने से आवागमन में कठिनाई होती थी। अब सड़क निर्माण से ग्रामीणों का आना-जाना सुगम हुआ है। सड़क पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था के साथ ही पीने के पानी और गैस चूल्हे की सुविधा भी उपलब्ध हुई है। इन सुविधाओं से परिवार की दैनिक जरूरतें पूरी करने में आसानी हो रही है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
पक्का आवास मिलने से प्रसन्न दिलबंधु ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले कच्चे मकान में बरसात के समय काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब पक्का घर बनने से परिवार को बड़ी राहत मिली है। गांव में अन्य सुविधाओं का विस्तार होने से रहन-सहन भी बेहतर हुआ है।
पीएम जनमन योजना से आवास एवं बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलने से विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।