फ्लोरीकल्चर हब प्रोत्साहन योजना से पुष्प उत्पादन को मिल रहा बढ़ावा
राजनांदगांव, 15 अक्टूबर 2026/sns/- शासन द्वारा उद्यानिकी फसलों के विस्तार एवं पुष्प उत्पादन को प्रोत्साहित करने फ्लोरीकल्चर हब प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। फ्लोरीकल्चर हब प्रोत्साहन योजना अंतर्गत किसानों को 1 हेक्टेयर क्षेत्र में व्यावसायिक पुष्प उत्पादन के लिए 37 हजार 500 रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इससे किसानों को पुष्प उत्पादन के लिए प्रोत्साहन मिलने के साथ उनकी आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने में मदद मिलती है। जिले के किसान भी पुष्प उत्पादन के साथ विभिन्न सब्जी फसलों को अपनाकर उद्यानिकी खेती को विविध स्वरूप प्रदान कर रहे हैं। इसी कड़ी में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मोहड़ निवासी कृषक श्री घनश्याम साहू ने फ्लोरीकल्चर हब प्रोत्साहन योजना अंतर्गत एक हेक्टेयर क्षेत्र में गेंदा फूल की खेती अपनाई है। इसके साथ ही वे विभिन्न सब्जी फसलों का उत्पादन भी कर रहे हैं। उनकी इस पहल से उद्यानिकी खेती को व्यावसायिक स्वरूप दिया जा रहा है। कृषक श्री घनश्याम साहू कुल 4.83 हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर रहे है। इसमें एक हेक्टेयर में गेंदा, 1.62 हेक्टेयर में खीरा, 0.81 हेक्टेयर में मिर्च, 0.40 हेक्टेयर में कुंदरू तथा एक हेक्टेयर क्षेत्र में लौकी की खेती शामिल है। इस प्रकार पुष्प उत्पादन के साथ सब्जी फसलों को भी कृषि गतिविधियों का हिस्सा बनाया है।
कृषक श्री घनश्याम साहू ने बताया कि गेंदा फूल की मांग धार्मिक, सामाजिक एवं विभिन्न आयोजनों में बनी रहती है। वहीं खीरा, मिर्च, कुंदरू और लौकी जैसी सब्जियों की भी बाजार में नियमित मांग रहती है। उन्होंने बताया कि इन फसलों को अपनाकर खेत में उत्पादन की विविधता बढ़ी है। अलग-अलग फसलों की खेती से विभिन्न उद्यानिकी उत्पादों के विपणन के अवसर मिलते हैं और किसी एक फसल पर निर्भरता कम करने में भी सहायक होती है। फसलवार भूमि की तैयारी, पौध स्थापना, सिंचाई, पोषण प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण तथा कीट एवं रोग प्रबंधन पर ध्यान देते हुए खेती की जा रही है। उद्यानिकी फसलों का समावेश स्थानीय परिस्थितियों एवं बाजार की मांग के अनुरूप कृषि गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। फ्लोरीकल्चर हब प्रोत्साहन योजना के तहत कृषक श्री घनश्याम साहू द्वारा गेंदा की खेती के साथ विभिन्न सब्जियों का उत्पादन करना अन्य कृषकों के लिए भी प्रेरणादायी है। किसान अपनी भूमि, उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए पुष्प एवं सब्जी फसलों का समावेश कर उद्यानिकी खेती को विविध एवं व्यावसायिक स्वरूप प्रदान कर सकते हैं। कृषक श्री घनश्याम साहू ने फ्लोरीकल्चर हब प्रोत्साहन योजना के तहत मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
फ्लोरीकल्चर हब प्रोत्साहन योजना से पुष्प उत्पादन को मिल रहा बढ़ावा