सेवा सेतु पोर्टल से आसान हुई शासकीय सेवाओं तक पहुंच
रायगढ़, 16 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में डिजिटल माध्यमों से शासकीय सेवाओं की उपलब्धता ग्रामीणों के लिए सुविधाजनक बन रही है। छत्तीसगढ़ शासन का ‘सेवा सेतु पोर्टल’ नागरिकों को आवश्यक शासकीय दस्तावेज उपलब्ध कराने में मददगार साबित हो रहा है। इससे सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत कम होने के साथ ही समय और धन की भी बचत हो रही है। खरसिया तहसील के ग्राम ठुसेकेला निवासी देवेन्द्र यादव को भी इस सुविधा का लाभ मिला है।
देवेन्द्र यादव को शैक्षणिक कार्यों, छात्रवृत्ति और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए आय एवं निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने खरसिया तहसील कार्यालय स्थित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के बाद मात्र चार से पांच दिनों में उनका निवास प्रमाण पत्र और 8 अक्टूबर 2026 को जारी हो गया। दोनों आवश्यक दस्तावेज मिलने से उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली।
डिजिटल सुविधा से प्रक्रिया हुई आसान
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे आवेदन प्रक्रिया सुगम होने के साथ आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में भी सुविधा मिल रही है। देवेन्द्र यादव ने प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से जरूरी दस्तावेज प्राप्त करना आसान हुआ है। इससे उनके समय और आर्थिक संसाधनों की बचत हुई है।